देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

ग्रामीण एलपीजी उपभोक्ताओं को राहत, अब 25 दिन में बुक होगा सिलेंडर

45 दिन की प्रतीक्षा खत्म, देशभर में एक समान बुकिंग अंतराल लागू करने के निर्देश

नई दिल्ली। ग्रामीण घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। सरकार ने तेल विपणन कंपनियों को निर्देश दिया है कि देशभर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए 25 दिनों का एक समान अंतराल तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने इसकी जानकारी दी।

नए नियम के बाद ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के बीच बुकिंग अंतराल का अंतर खत्म हो गया है। इससे पहले शहरी उपभोक्ता 25 दिन बाद और ग्रामीण उपभोक्ता 45 दिन बाद अगला सिलेंडर बुक कर सकते थे। अब दोनों वर्गों के उपभोक्ता पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद नया सिलेंडर बुक कर सकेंगे।

पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव के कारण कच्चे तेल और एलपीजी की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित हुई थी। घरेलू आपूर्ति को संतुलित रखने और अचानक बढ़ी मांग व कालाबाजारी पर नियंत्रण के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में बुकिंग अंतराल 45 दिन किया गया था।

सरकार का कहना है कि अब एलपीजी आपूर्ति में सुधार हुआ है और लंबित बुकिंग में भी कमी आई है। इसी को देखते हुए पुरानी व्यवस्था समाप्त की गई है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम समेत सार्वजनिक तेल कंपनियों को अपने बुकिंग सॉफ्टवेयर और मोबाइल अनुप्रयोगों में 25 दिन की सीमा तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button