देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

प्रधानमंत्री मोदी से मिले प्रिंस रहीम आगा खान पंचम, स्वास्थ्य-कृषि समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा

नई दिल्ली। भारत के आधिकारिक दौरे पर आए शिया इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में दोनों नेताओं के बीच भारत और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (एकेडीएन) के बीच साझेदारी को और मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास तथा महिला और युवा सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के विभिन्न उपायों पर विचार-विमर्श हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात को सुखद बताते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने प्रिंस रहीम आगा खान के दिवंगत पिता आगा खान चतुर्थ के भारत के विकास और सामाजिक क्षेत्र में योगदान को भी याद किया।

विदेश मंत्री जयशंकर से भी मुलाकात

प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले प्रिंस रहीम आगा खान ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी भेंट की। जयशंकर ने बताया कि बैठक में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क की ओर से सामाजिक विकास और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर चर्चा हुई।

15 सितंबर तक भारत दौरे पर रहेंगे

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निमंत्रण पर भारत पहुंचे प्रिंस रहीम आगा खान पंचम का 50वें इमाम के रूप में यह पहला भारत दौरा है। 9 से 15 सितंबर 2026 तक चलने वाली यात्रा के दौरान वे दिल्ली के अलावा अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद का दौरा करेंगे। इस दौरान वे आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क से जुड़ी विभिन्न सामुदायिक एवं विकास परियोजनाओं का जायजा लेंगे और संबंधित क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

Author

Related Articles

Back to top button