फिलीपींस में समुद्र के बीच फेरी में भीषण आग, 5 की मौत; 86 लोग लापता

मनीला,। फिलीपींस में बुधवार देर शाम एक फेरी में भीषण आग लगने से बड़ा समुद्री हादसा हो गया। राजधानी मनीला से पलावन प्रांत के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कोरोन जा रही फेरी में अचानक आग भड़क उठी। हादसे में अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 86 लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव दल ने 43 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
फिलीपींस कोस्ट गार्ड (पीसीजी) के अनुसार, एमवी जून एस्टर नाम की फेरी में कुल 134 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। यह जहाज कोरोन की ओर जा रहा था, तभी मार्सिला गांव के तट से करीब 2.2 किलोमीटर दूर इसमें आग लग गई।
तेज लहरों से बढ़ी बचाव अभियान की मुश्किलें
कोस्ट गार्ड के अधिकारियों के मुताबिक हादसे के समय समुद्र में तेज लहरें उठ रही थीं। आग की चपेट में आई फेरी बहकर तट से दूर चली गई, जिससे राहत एवं बचाव अभियान में कठिनाई बढ़ गई। बचाव दल ने समुद्र में फंसे यात्रियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फेरी आग की ऊंची लपटों से घिरी दिखाई दे रही है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान अभी जारी है और बचाए गए लोगों तथा हताहतों की संख्या में आगे बदलाव संभव है। फिलहाल लापता यात्रियों की तलाश और प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता बनी हुई है।













