सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के आग्रह पर सिंगरौली आएंगे केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी
विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर समस्याओं की जानकारी लेंगे केंद्रीय मंत्री

सिंगरौली। जिले में कोयला परियोजनाओं से प्रभावित विस्थापित एवं पुनर्वास से जुड़े परिवारों की समस्याओं को लेकर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की पहल रंग लाई है। सांसद ने केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी से मुलाकात कर सिंगरौली दौरे का आग्रह किया था, जिसे केंद्रीय मंत्री ने स्वीकार कर लिया है। वे शीघ्र ही सिंगरौली पहुंचकर प्रभावित और विस्थापित परिवारों से सीधे संवाद करेंगे।सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष कोयला खनन और विभिन्न परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर वास्तविक स्थिति समझने के लिए केंद्रीय मंत्री का प्रभावित लोगों के बीच पहुंचना जरूरी है, ताकि समस्याओं की प्रत्यक्ष जानकारी लेकर उनके निराकरण की दिशा में प्रभावी पहल की जा सके।प्रस्तावित दौरे के दौरान केंद्रीय कोयला मंत्री विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर विस्थापन, पुनर्वास, रोजगार, मुआवजा सहित अन्य संबंधित मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं। संबंधित विभागों और परियोजना प्रबंधन के अधिकारियों के साथ भी समस्याओं के समाधान को लेकर विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि सिंगरौली के विकास के साथ यहां के विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों के हितों का संरक्षण भी उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के साथ प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।
केंद्रीय कोयला मंत्री का प्रस्तावित सिंगरौली दौरा ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब जिले के विभिन्न कोयला परियोजना क्षेत्रों में विस्थापन और पुनर्वास से जुड़े मुद्दे लगातार उठ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री के सीधे संवाद से इन समस्याओं के समाधान की दिशा में नई पहल को गति मिलने की उम्मीद है।













