एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने ग्रहण किया एनसीएल सीएमडी का पदभार
34 वर्षों से अधिक का खनन अनुभव, उत्पादन बढ़ाने के साथ आधुनिकीकरण और हरित पहल में रहा योगदान

सिंगरौली। कोल इंडिया लिमिटेड की सिंगरौली स्थित अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) को नया अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मिला है। एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने मंगलवार को एनसीएल के सीएमडी का पदभार ग्रहण किया।
श्री जयकुमार को भारत और विदेश में भूमिगत तथा खुली मशीनीकृत कोयला खदानों के साथ लिग्नाइट खनन और संचालन का 34 वर्षों से अधिक का अनुभव है। एनसीएल में पदभार संभालने से पहले वे कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में निदेशक तकनीकी/संचालन के पद पर कार्यरत थे। यहां उन्होंने खदानों के आधुनिकीकरण और मशीनीकरण को बढ़ावा देते हुए उत्पादन, प्रेषण और अधिभार हटाव में बेहतर प्रदर्शन में योगदान दिया।
एसईसीएल में कार्यकाल के दौरान उन्होंने सौर ऊर्जा, हरित गतिशीलता, कोयला गैसीकरण और ऊर्जा भंडारण जैसी दीर्घकालिक विकास पहलों पर भी काम किया। कोयला नमूनों की सैंपलिंग में तकनीक आधारित स्वचालन और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।इससे पहले वे एनएलसी इंडिया लिमिटेड में तालाबीरा-दो एवं तीन खदानों में कार्यकारी निदेशक, कोयला समन्वयक और परियोजना प्रमुख समेत विभिन्न पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने लिग्नाइट-से-मेथनॉल जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना का नेतृत्व भी किया।
चेन्नई स्थित कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गिंडी, अन्ना विश्वविद्यालय से खनन अभियांत्रिकी में स्नातक जयकुमार ने हैदराबाद के केंद्रीय विश्वविद्यालय से पर्यावरण अभियांत्रिकी एवं प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा अलगप्पा विश्वविद्यालय, तमिलनाडु से मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए किया है।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सिंगरैनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड से की थी। बाद में इंडोनेशिया में कोयला खनन परियोजना का नेतृत्व करने के साथ एनएलसी इंडिया और एसईसीएल में विभिन्न तकनीकी एवं परिचालन दायित्व संभाले। उनके व्यापक अनुभव से एनसीएल में उत्पादन, तकनीकी आधुनिकीकरण और सतत विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।













