नांदेड में ट्रक-पिकअप की भीषण भिड़ंत, आठ लोगों की मौत
वाकद गांव के पास हादसा, सात घायल अस्पताल में भर्ती; सांसद अशोक चव्हाण ने घायलों का जाना हाल

नांदेड। महाराष्ट्र के नांदेड जिले में गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। नांदेड-भोकर मार्ग पर वाकद गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दुर्घटना में घायल सात लोगों को भोकर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
पति-पत्नी और दो सगे भाइयों की मौत
पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश वंडरवार ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की। मृतकों में एक पति-पत्नी और दो सगे भाइयों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे के कारण मार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
अस्पताल पहुंचे सांसद अशोक चव्हाण
हादसे की सूचना मिलने के बाद सांसद अशोक चव्हाण देर रात अस्पताल पहुंचे और भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने चिकित्सा एवं पुलिस अधिकारियों से दुर्घटना तथा घायलों के उपचार की जानकारी भी ली।
प्रारंभिक तौर पर दोनों वाहनों की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगी।:













