मुख्यमंत्री यंग इंटर्न्स फॉर गुड गवर्नेंस प्रोग्राम के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
प्रत्येक विकासखंड से 15 इंटर्न्स का होगा चयन, एक वर्ष की अवधि के लिए मिलेगा अवसर
सिंगरौली। युवाओं में प्रशासनिक समझ, नेतृत्व क्षमता, जीवन कौशल, संचार दक्षता, विश्लेषणात्मक सोच एवं तकनीकी क्षमताओं के समग्र विकास के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री यंग इंटर्न्स फॉर गुड गवर्नेंस प्रोग्राम के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान द्वारा संचालित इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश के प्रत्येक जिले के प्रत्येक विकासखंड से 15-15 इंटर्न्स का चयन एक वर्ष की अवधि के लिए किया जाएगा।कार्यक्रम में भागीदारी के लिए आवेदक का मध्यप्रदेश का स्थानीय निवासी होना अनिवार्य है।
साथ ही, जिस जिले के लिए अभ्यर्थी आवेदन कर रहा है, उसका मूल निवासी होना भी आवश्यक है। शैक्षणिक पात्रता के तहत अभ्यर्थी द्वारा भारत में विधि द्वारा स्थापित किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय अथवा संस्थान से शैक्षणिक सत्र 2022-23, 2023-24 अथवा 2024-25 में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक अथवा स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की होना आवश्यक है। आवेदन के लिए आयु सीमा न्यूनतम 18 वर्ष एवं अधिकतम 29 वर्ष निर्धारित की गई है।
पात्र एवं इच्छुक युवा एम.पी. ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल के सर्च बॉक्स में “मुख्यमंत्री यंग इंटर्न्स फॉर गुड गवर्नेंस प्रोग्राम” खोजकर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण की जा सकती है। कार्यक्रम एवं आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी सेडमैप की अधिकृत वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन है। केवल एम.पी. ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदन ही मान्य होंगे। किसी अन्य माध्यम से प्रस्तुत किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।











