बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब बेचने वाला युवक गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब जब्त

सिंगरौली। सिंगरौली पुलिस अधीक्षक शि‍याज के. एम. (भा.पु.से.) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में थाना सरई पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक किराना दुकान में दबिश देकर भारी मात्रा में देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 सितंबर 2026 को मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम धिरौली में एक व्यक्ति अपनी दुकान की आड़ में अवैध रूप से भारी मात्रा में देशी व अंग्रेजी शराब रखे हुए है और उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए उपनिरीक्षक लालमणि साकेत के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस बल को देखते ही दुकान पर बैठा युवक भागने लगा, जिसे जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बृजेंद्र जायसवाल (उम्र 21 वर्ष), पिता स्व. शीतला प्रसाद जायसवाल, निवासी धिरौली, थाना सरई (सिंगरौली) बताया।

दुकान की तलाशी में मिली शराब, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस टीम ने जब संदेही की किराना दुकान की तलाशी ली, तो वहां से भारी मात्रा में देशी व अंग्रेजी शराब की खेप बरामद हुई। शराब के भंडारण व विक्रय के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज या अनुज्ञा पत्र पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके से संपूर्ण शराब को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी बृजेंद्र जायसवाल के विरुद्ध थाना सरई में अपराध क्रमांक 743/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Author

Related Articles

Back to top button