तहसीलदार के आश्वासन पर बंद हुआ माटीडांड में जल सत्याग्रह
रतिभान प्रसाद के जल सत्याग्रह के बाद हरकत में आया प्रशासन, 2.67 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा काचन नदी पर पुल

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र-81 के ग्राम पंचायत डिग्घी के राजस्व ग्राम माटीडांड में काचन नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर चल रहा जल सत्याग्रह तहसीलदार के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। ग्रामीणों की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं देवसर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी रतिभान प्रसाद ने प्रशासन के समक्ष मांग उठाई थी। आंदोलन के बाद अब पुल निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।
माटीडांड में करीब 100 परिवार निवासरत हैं। बरसात के दिनों में काचन नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव का संपर्क प्रभावित हो जाता है। स्कूली बच्चों की पढ़ाई बाधित होने के साथ मरीजों, गर्भवती महिलाओं और अन्य जरूरतमंदों को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी होती है। ग्रामीणों के मुताबिक 108 एंबुलेंस, 112 डायल और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाएं भी कई बार गांव तक नहीं पहुंच पातीं।
रतिभान प्रसाद ने कलेक्टर को दिए ज्ञापन में वर्ष 2022 में जिला खनिज प्रतिष्ठान द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर पुल निर्माण कराने की मांग की थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने ग्राम माटीडांड में पुल निर्माण का प्राक्कलन तैयार कर जिला खनिज प्रतिष्ठान को भेज दिया है।विभागीय पत्र के अनुसार पुल निर्माण की मूल लागत 2 करोड़ 26.08 लाख रुपये है, जबकि 40.70 लाख रुपये जीएसटी सहित कुल अनुमानित लागत 2 करोड़ 66.78 लाख रुपये आंकी गई है। 9 सितंबर को भेजे गए प्राक्कलन की प्रति रतिभान प्रसाद को भी उपलब्ध कराई गई है। अब तकनीकी एवं वित्तीय स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की राह देखी जा रही है।












