बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

झोंखो गांव में 24 वर्षीय युवक की मौत पर उठे सवाल; पिता का आरोप- पीटकर व करंट लगाकर की गई हत्या, फिर फंदे पर लटकाया शव

5 सितंबर को घर से निकला था राम लखन, अगले दिन 100 मीटर दूर पेड़ से लटकता मिला था शव

सिंगरौली।जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झोंखो में 24 वर्षीय युवक राम लखन यादव की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के पिता रामअवतार यादव ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) से लिखित शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटकाया गया है, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

लापता होने के अगले दिन फंदे से लटकता मिला था शव
शिकायत पत्र में रामअवतार यादव ने बताया कि उनका बेटा राम लखन 5 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:11 बजे घर से घूमने के लिए निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। अगले दिन, 6 सितंबर की शाम करीब 4 बजे उसका शव घर से महज 100 मीटर की दूरी पर फांसी के फंदे से लटकता हुआ पाया गया। पिता के मुताबिक, जब शव बरामद हुआ, उस वक्त राम लखन का मोबाइल लगातार बज रहा था।

‘पहले पीटा, फिर करंट लगाया और रात में लटका दिया शव’
पिता रामअवतार यादव ने पुलिस को दी गई शिकायत में कई चौंकाने वाले दावे किए हैं। उनका सीधा आरोप है कि उनके बेटे को पहले बुरी तरह पीटा गया और फिर उसे करंट लगाया गया। जब वह मरणासन्न और गंभीर हालत में हो गया, तो रात के अंधेरे में उसे फांसी पर लटका दिया गया। पिता ने बताया कि शव पर चोट के स्पष्ट निशान थे, उसके पैर मुड़े हुए थे और जिस जगह फांसी लगाई गई, उसकी ऊंचाई मात्र 5.4 फीट थी, जो आत्महत्या की थ्योरी पर संदेह पैदा करती है। उन्होंने पुलिस से पोस्टमार्टम रिपोर्ट की बारीकी से जांच करने की मांग की है।

कॉल डिटेल और धमकी भरी रिकॉर्डिंग से खुल सकता है राज
परिजनों का आरोप है कि इस घटना से जुड़े संदिग्ध लोगों के साथ उनकी पहले से ही रंजिश व विवाद चल रहा था। पिता ने पुलिस से मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR) निकलवाने और शक के दायरे में आए लोगों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने की गुहार लगाई है। साथ ही, शिकायत में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी वाली एक ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी जिक्र किया गया है, जिसकी जांच की मांग उठाई गई है।

कांग्रेस ने उठाए सवाल, एसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
युवक की संदिग्ध मौत और परिजनों के गंभीर आरोपों के बाद सियासत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता अशोक पैगाम ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस पूरे मामले में सिंगरौली एसपी सियाज के.एम. ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया है कि शिकायत में बताए गए सभी तथ्यों और बिंदुओं की बारीकी से जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button