एनटीपीसी विंध्याचल में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ
राजभाषा नीति के अनुपालन और दैनिक कामकाज में हिंदी के अधिक प्रयोग का लिया संकल्प

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में 14 सितंबर 2026 को हिंदी पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर परियोजना ने राष्ट्र के लिए निर्बाध एवं सतत विद्युत उत्पादन के साथ राजभाषा नीति के प्रभावी अनुपालन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
हिंदी पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर कार्यकारी निदेशक विंध्याचल किशोर कुमार होता ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी प्रतिज्ञा दिलाई। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि लोगों को आपस में जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी विंध्याचल परिवार को एक लघु भारत के रूप में जाना जाता है, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से आए अधिकारी और कर्मचारी विद्युत उत्पादन के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से दैनिक सरकारी कामकाज, टिप्पणियों और पत्राचार में अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करने तथा राजभाषा के नियमों एवं नीतियों का पालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इसी क्रम में महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण एम. सुरेश ने दैनिक योजना बैठक के दौरान अधिकारियों को हिंदी की शपथ दिलाई और कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत 14 से 28 सितंबर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।











