युवा संगम रोजगार मेले में 312 युवाओं का चयन, 12 कंपनियों ने की सहभागिता

सिंगरौली/ जिला प्रशासन सिंगरौली के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संघप्रिय (आईएएस) के मार्गदर्शन में शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पचौर, बैढ़न में ‘‘युवा संगम-रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला’’ आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में जिला प्रशासन, जिला रोजगार कार्यालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग तथा आईटीआई सिंगरौली का संयुक्त सहयोग रहा।
रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने सहभागिता की। मेले में कुल 184 आवेदकों ने रोजगार के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। ‘‘युवा संगम’’ योजना के अंतर्गत 19 महिला आवेदकों को लाभान्वित किया गया। वहीं मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना एवं अप्रेंटिसशिप के लिए 147 आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया गया। विभिन्न कंपनियों द्वारा 146 आवेदकों का रोजगार के लिए चयन किया गया। इस प्रकार मेले में कुल 312 युवाओं का चयन हुआ। मेले में उपस्थित युवाओं को करियर काउंसलिंग के माध्यम से रोजगार के अवसरों, विभिन्न योजनाओं, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में आईटीआई सिंगरौली के प्राचार्य एवं प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी श्री ऋषभ सिंह, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पचौर के प्राचार्य श्री कैलाश तंतुवाय, प्रशिक्षण अधीक्षक श्री के.पी. शाह, रोजगार कार्यालय से श्री पुष्पराज सिंह, श्री ओम प्रकाश वैश्य, श्री कृष्णचंद, उद्योग विभाग से श्री संजीव सिंह एवं श्री अनंत लक्ष्मण बाकुड़े सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मेले में बीएमओ डॉ. रघुराज सिंह के नेतृत्व में चिकित्सा दल द्वारा भी सेवाएं प्रदान की गईं। इस अवसर पर फार्मासिस्ट, नर्स, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं रोजगार के इच्छुक युवा उपस्थित रहे।











