स्वामित्व अधिकार अभिलेख वितरण एवं पंजीयन के लिए ग्रामों में लगेंगे विशेष शिविर
17 सितम्बर से निर्धारित ग्रामों में आयोजित होंगे शिविर, अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश
सिंगरौली, 15 सितम्बर 2026/ प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत जिले में स्वामित्व अधिकार अभिलेख वितरण एवं पंजीयन-2026 की कार्यवाही को गति देने के लिए निर्धारित ग्रामों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देशानुसार शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराने तथा लंबित कार्यवाही को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। जारी आदेश के अनुसार संबंधित क्षेत्रों में पदस्थ पटवारियों को अपने आवंटित कार्यक्षेत्र में रोजगार सहायक सचिव के सहयोग से आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित तहसीलदार/नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं सहायक विकास विस्तार अधिकारी/पंचायत विकास समन्वयक अपने-अपने कार्यक्षेत्र में मॉनिटरिंग एवं पर्यवेक्षण सुनिश्चित करेंगे। वहीं अनुभाग स्तर पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को संपूर्ण योजना के समयबद्ध निष्पादन एवं ग्रामों में शिविरों का निरीक्षण कर प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 सितम्बर 2026 से विभिन्न ग्रामों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सर्वेक्षण किए गए भू-खण्डों से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया, प्रथम चरण एवं आगामी चरण की कार्यवाही निर्धारित तिथियों में संपादित की जाएगी। शिविरों की विस्तृत ग्रामवार तिथियां निर्धारित तालिका के अनुसार रहेंगी। संबंधित राजस्व निरीक्षक को भी शिविरों की कार्यवाही में आवश्यक समन्वय एवं पर्यवेक्षण के निर्देश दिए गए हैं।












