बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत ने सुनीं 265 आवेदकों की समस्याएं

लापरवाही और अनावश्यक विलंब पर होगी नियमानुसार कार्रवाई

सिंगरौली, 15 सितम्बर 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संघप्रिय ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 265 आवेदन प्राप्त हुए। सीईओ जिला पंचायत ने आवेदकों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों के नियमानुसार त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। सीईओ जिला पंचायत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल आवेदन का निराकरण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आवेदक को वास्तविक राहत मिलना सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को प्रकरणों में की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

सीईओ जिला पंचायत ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी तथा लंबित प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण लोकहितकारी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करते हैं। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक आवेदन को प्राथमिकता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें तथा नागरिकों को समय पर राहत प्रदान करें। उन्होंने अधिकारियों को प्रकरणों के निराकरण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही बनाए रखने तथा अनावश्यक विलंब से बचने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर श्री अमित सिंह बम्हरौलिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button