फीस के लिए बच्चों को परीक्षा से बाहर करने का आरोप
राजीव गांधी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में परिजन ने लगाया आरोप, कहा- पांच हजार रुपये जमा करने के बावजूद बच्चों को गेट से बाहर किया

सिंगरौली। राजीव गांधी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में फीस को लेकर कुछ बच्चों को परीक्षा में शामिल नहीं होने देने का मामला सामने आया है। बच्चों के परिजन ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि परीक्षा के समय पूरी फीस जमा नहीं होने का हवाला देकर बच्चों को स्कूल की बाउंड्री से बाहर कर दिया गया।
परिजन के अनुसार, स्कूल में प्रवेश के समय बिना शुल्क के बच्चों का दाखिला कर लिया गया था। बाद में परीक्षा के समय उनसे पूरी फीस जमा करने को कहा गया। परिजन का कहना है कि एक बच्चे की सालाना फीस करीब 12 हजार रुपये बताई गई थी, जिसमें से 5 हजार रुपये जमा किए जा रहे थे। इसके बावजूद बच्चों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई और उन्हें स्कूल परिसर से बाहर कर दिया गया।
परिजन ने सवाल उठाया कि जब अन्य बच्चे कक्षा में बैठकर परीक्षा दे रहे हैं, ऐसे में इन बच्चों को परीक्षा से बाहर रखने से उनकी पढ़ाई और मानसिक स्थिति पर क्या असर पड़ेगा। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की जांच कराने की मांग की है।
हालांकि, पूरे मामले में फिलहाल केवल बच्चों के परिजन का पक्ष सामने आया है। स्कूल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्कूल प्रबंधन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी समाचार में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। मामले की वास्तविक स्थिति स्कूल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।










