बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

धिरौली कोल माइंस के पास मिट्टी लदा ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौत; मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण

सिंगरौली/लंघाडोल। लंघाडोल थाना क्षेत्र में रविवार सुबह धिरौली कोल माइंस के पास मिट्टी लदा ट्रैक्टर चढ़ाई पर बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक अशोक पनिका पिता लल्लू पनिका की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और मुआवजे की मांग को लेकर विरोध शुरू कर दिया। हालात को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार अशोक पनिका ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिट्टी भरकर चढ़ाई की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। ट्रैक्टर का अगला हिस्सा पलटने के दौरान चालक उसकी चपेट में आ गया और ट्रैक्टर तथा ट्रॉली के बीच दब गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सुलियरी, निवास और खनुआ क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता दिए जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए। इसी मांग को लेकर उन्होंने शव के पोस्टमार्टम से भी इनकार कर दिया।

स्थिति की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। देवसर एसडीओपी गायत्री मिश्रा ने बताया कि मिट्टी उठाने के दौरान ट्रैक्टर के पलटने से चालक उसके और ट्रॉली के बीच दब गया, जिससे उसकी मौत हुई है। उन्होंने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी ग्रामीणों से लगातार बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीण ट्रैक्टर मालिक को मौके पर बुलाने और मुआवजे की राशि तय करने की मांग पर अड़े हुए हैं।

फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों और संभावित लापरवाही के पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है। प्रशासन की कोशिश है कि बातचीत के माध्यम से स्थिति को सामान्य किया जाए और मृतक के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button