अवध मिष्ठान भंडार में खाद्य विभाग का छापा, 50 किलो सामग्री नष्ट कराई

सिंगरौली/देवसर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने देवसर स्थित अवध मिष्ठान भंडार में छापामार कार्रवाई की। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन में खाद्य अधिकारी मुकुंद झरिया के नेतृत्व में टीम ने प्रतिष्ठान में रखी खाद्य सामग्री की जांच की। कार्रवाई के दौरान करीब 50 किलोग्राम खाद्य सामग्री उपयोग योग्य नहीं पाए जाने पर नियमानुसार नष्ट कराई गई।
जांच के लिए विभाग की एमपी 02 एवी 7413 चलित खाद्य प्रयोगशाला भी मौके पर पहुंची। प्रयोगशाला के केमिस्ट हिमांशु मिश्रा ने खाद्य सामग्री की मौके पर ही जांच की। इसके साथ ही टीम ने दुकान में खाद्य सामग्री के रख-रखाव, स्वच्छता और उपयोग की स्थिति का निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में निर्धारित गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराना है। कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता पर ध्यान देने और सामग्री के सुरक्षित भंडारण के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं।कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य खाद्य कारोबारियों में भी हलचल रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।













