भोपाल में तंबाकू-गुटखा फैक्ट्री पर जीएसटी इंटेलिजेंस की छापेमारी, 30 करोड़ की टैक्स चोरी का खुलासा

भोपाल। सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने भोपाल में तंबाकू और गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई की है। न्यू चौकसे नगर, नवीबाग क्षेत्र में संचालित फैक्ट्री पर छापेमारी के दौरान करीब 30 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी सामने आने की बात कही जा रही है। कार्रवाई के दौरान टीम ने बड़ी संख्या में दस्तावेज, रिकॉर्ड और अन्य सामग्री जब्त की है। इनकी जांच की जा रही है।
60 करोड़ से अधिक पहुंच सकता है आंकड़ा
प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी का पता चला है। जीएसटी इंटेलिजेंस अधिकारियों को आशंका है कि जब्त दस्तावेजों और रिकॉर्ड का विस्तृत परीक्षण तथा अंतिम आकलन पूरा होने के बाद टैक्स चोरी का आंकड़ा 60 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच सकता है।
लंबे समय से निगरानी के बाद कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार नवीबाग के न्यू चौकसे नगर में तंबाकू और गुटखा बनाने की फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी मिली थी। यहां ‘गुरु’ नाम से तंबाकू और गुटखा तैयार किए जाने की बात सामने आई है। टीम को फैक्ट्री में कर संबंधी अनियमितताओं और दस्तावेजों में गड़बड़ी की जानकारी मिली थी। इसके बाद लंबे समय तक निगरानी रखकर छापेमारी की गई।
संचालक पर भी कार्रवाई, मशीनरी और माल जब्त
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। जांच एजेंसी अब उत्पादन, बिक्री और फैक्ट्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। छापे में उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी के साथ तैयार माल और कच्चा माल भी जब्त किए जाने की जानकारी है।
अधिकारियों के मुताबिक तंबाकू और गुटखा उत्पादों पर लागू अन्य कर एवं उपकर की देनदारी का भी आकलन किया जाएगा। ऐसे में अंतिम जांच और एसेसमेंट के बाद टैक्स चोरी की राशि प्रारंभिक अनुमान से काफी अधिक होने की संभावना जताई जा रही है।













