बारिश थमते ही मॉडल रोड का काम शुरू करें, अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत दें : कलेक्टर

सिंगरौली। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक हुई। इसमें जन विश्वास अभियान, सेवा संकल्प अभियान, सीएम हेल्पलाइन, हितग्राहीमूलक योजनाओं और विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने और लंबित प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
जन विश्वास अभियान के तहत चितरंगी के देवरा ग्राम पंचायत क्लस्टर में आयोजित होने वाले विशेष शिविर की तैयारियां समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि शिविर केवल औपचारिकता न रह जाएं, बल्कि पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही शासन की योजनाओं का लाभ और स्थानीय समस्याओं का समाधान मिले। इसके लिए अधिकारियों को शिविर से पहले क्षेत्र का भ्रमण कर पात्र हितग्राहियों की पहचान करने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के सभी संकेतकों की ग्रामवार समीक्षा कर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आंगनवाड़ी केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्रसव केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान और नल-जल योजनाओं में अधिक से अधिक कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने वनाधिकार पट्टों के प्रकरणों की पुनः जांच कर पात्र लोगों को नियमानुसार लाभ दिलाने तथा दिव्यांग पेंशन और अन्य योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने को कहा। पात्र दिव्यांगजनों को आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
स्वामित्व योजना की समीक्षा के दौरान पात्र हितग्राहियों के अधिकार अभिलेखों की निःशुल्क रजिस्ट्री समय-सीमा में कराने तथा अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकानों वाले पात्र परिवारों को तत्काल राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि राहत वितरण में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मॉडल रोड निर्माण की समीक्षा करते हुए नगर निगम आयुक्त को बारिश समाप्त होते ही डामरीकरण का कार्य तत्काल शुरू कराने और निर्माण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा रेलवे से संबंधित कार्यों और भूमि अधिग्रहण के मामलों में मुआवजा प्रक्रिया समय-सीमा में पूरी करने को कहा गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत 10 गतिविधियां आयोजित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। सेवा सेतु अभियान के शिविरों के लिए नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में जोनवार एवं ग्राम पंचायतवार कार्ययोजना बनाने तथा सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा अधिनियम और हितग्राही योजनाओं के लंबित प्रकरणों का मौके पर निराकरण कराने को कहा गया।
वहीं बरगवां, देवसर और चितरंगी के कन्या विद्यालय, एकलव्य विद्यालय, मॉडल स्कूल एवं उत्कृष्ट विद्यालयों में ऑनलाइन कोचिंग के लिए एलईडी स्क्रीन सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में 100 और 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकृत कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया।













