देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

एशियन गेम्स में भारत को पहला स्वर्ण, महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराया

निशिन (जापान)। एशियन गेम्स-2026 में भारत ने मंगलवार को अपना पहला स्वर्ण पदक जीत लिया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत ने इससे पहले 2022 के एशियन गेम्स में भी महिला क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीता था।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन बनाए। एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट में यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 15.4 ओवर में 69 रन पर पूरी टीम पवेलियन लौट गई।

भारतीय पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने आक्रामक अंदाज में की। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी हुई। मंधाना ने 45 गेंदों पर 79 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शेफाली वर्मा ने 48 रन बनाए। इसके बाद ऋचा घोष ने तेजी से रन जुटाते हुए नाबाद 49 रन की पारी खेलकर भारत के स्कोर को 216 रन तक पहुंचाया।

मंधाना ने अपनी पारी के दौरान महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11 हजार रन भी पूरे किए। इस उपलब्धि के साथ वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह आंकड़ा छूने वाली पहली खिलाड़ी बनीं।

इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका की पारी को संभलने का मौका नहीं दिया। दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट लेकर सबसे अधिक सफलता हासिल की, जबकि शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने 2-2 विकेट झटके। श्रीलंका की ओर से कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने सर्वाधिक 29 रन बनाए। कौशिनी नुथ्यांगना ने 14 और कविशा दिलहारी ने 11 रन जोड़े। श्रीलंका के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके।

इस जीत के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में अपना खिताब बरकरार रखा। निशिन में खेले गए इस स्वर्ण पदक मुकाबले में भारत की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों का दबदबा देखने को मिला।

भारत की टीम : स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी. कमालिनी, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, श्री चरणी और नंदनी शर्मा।

श्रीलंका की टीम : इमेशा दुलानी, चमारी अट्टापट्टू, हसीनी परेरा, कविशा दिलहारी, हर्षिता समरविक्रमा, हंसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यांगना, काव्या काविंदी, मिथाली अयोध्या, चामुडी प्रभोदा और सुगंधिका कुमारी।

Author

Related Articles

Back to top button