पोषण पखवाड़े के तहत नौढिया आंगनबाड़ी केंद्र में मनाया गया पोषण दिवस
गर्भवती, धात्री महिलाओं एवं बच्चों को संतुलित आहार और पोषण के प्रति किया जागरूक

सिंगरौली, / महिला एवं बाल विकास परियोजना चितरंगी क्रमांक-1 के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र नौढिया में सोमवार को पोषण पखवाड़े के तहत पोषण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत खटाई की सरपंच श्रीमती हिरामन देवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के समुचित पोषण, स्वास्थ्य एवं शारीरिक-मानसिक विकास के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. शतेन्द्र सोंधिया, पर्यवेक्षक श्री प्रितेश सिंह, पीरामल फाउंडेशन के गांधी फेलो श्री हर्ष गुप्ता सहित ग्राम पंचायत ओडनी एवं खटाई की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
वक्ताओं ने बताया कि बच्चों के जीवन के प्रारंभिक छह वर्ष उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवधि में बच्चों को नियमित रूप से संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना उनके स्वस्थ विकास की आधारशिला है। इसी प्रकार गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का पर्याप्त एवं पौष्टिक आहार मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम में बताया गया कि कुपोषण की रोकथाम में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, वहीं परिवार एवं समुदाय की सहभागिता भी आवश्यक है। परिवार अपने दैनिक भोजन में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल कर बच्चों एवं महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार ला सकते हैं। हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, दूध, अंडा तथा अन्य स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थ बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक होते हैं। उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को संतुलित आहार, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।











