गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर कलेक्टर ने दिए सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने प्रशासन अलर्ट

सिंगरौली/ आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री गौरव बैनल ने जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विसर्जन मार्गों, प्रमुख चौराहों एवं घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, होमगार्ड एवं महिला पुलिस की तैनाती के साथ सीसीटीवी एवं ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विसर्जन के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक रूट डायवर्जन, भारी वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण तथा विसर्जन स्थलों पर प्रकाश, बैरिकेडिंग, अग्निशमन एवं एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। घाटों पर गोताखोरों एवं एसडीआरएफ की टीम की तैनाती के साथ सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने गणेश पूजा समितियों एवं जिलेवासियों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आपसी सौहार्द, शांति एवं अनुशासन के साथ पर्व मनाने तथा जिला प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।











