बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पीएम-सूर्य घर योजना के तहत सिंगरौली में 23 से 25 सितंबर तक आयोजित होंगे ब्लॉक-वार सेवा सेतु कैंप

सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ मौके पर पंजीयन, बैंक ऋण एवं तकनीकी मार्गदर्शन की मिलेगी सुविधा

सिंगरौली,/ पीएम-सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक पात्र विद्युत उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, सिंगरौली द्वारा जिले में 23 से 25 सितंबर 2026 तक ब्लॉक-वार “सेवा सेतु कैंप” आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर योजना की जानकारी, ऑनलाइन पंजीयन, सोलर संयंत्र स्थापना, सरकारी अनुदान तथा बैंक ऋण से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण कंपनी, सिंगरौली द्वारा जिले के नागरिकों एवं विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर पीएम-सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाएं। कैंपों का आयोजन प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 सितंबर को बैढ़न ब्लॉक का कैंप सामुदायिक भवन बैढ़न, 24 सितंबर को चितरंगी ब्लॉक का कैंप सामुदायिक भवन चितरंगी तथा 25 सितंबर को देवसर ब्लॉक का कैंप ग्राम पंचायत भवन नौढ़िया में आयोजित होगा।

सेवा सेतु कैंपों में नागरिकों को पोर्टल एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से मौके पर निःशुल्क ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही बैंक अधिकारियों की उपस्थिति में सोलर संयंत्र के लिए ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं आसान किश्तों से संबंधित जानकारी दी जाएगी। अधिकृत सोलर वेंडर्स द्वारा संयंत्र की क्षमता, लागत, सरकारी सब्सिडी, स्थापना प्रक्रिया तथा तकनीकी पहलुओं के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाते हुए योजना से अधिकाधिक लाभान्वित करना है। अधीक्षण अभियंता विद्युत द्वारा बताया गया है कि इच्छुक उपभोक्ता योजना की जानकारी एवं सहायता के लिए अपने नजदीकी विद्युत वितरण केंद्र अथवा अधीक्षण अभियंता कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। योजना से संबंधित जानकारी के लिए पीएम-सूर्य घर के आधिकारिक पोर्टल pmsuryaghar.gov.in पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके अतिरिक्त टोल-फ्री हेल्पलाइन 1912 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Author

Related Articles

Back to top button