देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

तेज रफ्तार बल्कर ने कार को मारी टक्कर, डॉक्टर दंपती समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

बारां। राजस्थान के बारां जिले में मंगलवार को अटरू-कवाई मार्ग पर तेज रफ्तार बल्कर और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोग अंदर फंस गए। दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में डॉक्टर दंपती और उनके दो बच्चे शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाकर सभी को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला।

कवाई थाना पुलिस के अनुसार, हादसा अटरू और कवाई के बीच उस समय हुआ, जब परिवार कार से छबड़ा से जयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार बल्कर ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चारों घायलों को कार से बाहर निकाला और कवाई चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।

कवाई थानाधिकारी राजपाल सिंह के मुताबिक मृतकों की पहचान मांडलगढ़ पीएमओ डॉक्टर सुरेश गजराज, उनकी पत्नी डॉक्टर शालिनी मौर्य तथा उनके दो बच्चों 12 वर्षीय स्वप्निल और 7 वर्षीय निलिशा के रूप में हुई है। हादसे में एक परिवार के चार सदस्यों की जान जाने से इलाके में शोक का माहौल है।

हादसे के बाद बल्कर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति और घटनास्थल का निरीक्षण किया है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही हादसे के कारणों और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने शवों को अटरू चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान और गिरफ्तारी के बाद हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।

Author

Related Articles

Back to top button