बिरसा मुंडा चौपाटी में चला विशेष स्वच्छता अभियान
जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों और नागरिकों ने किया श्रमदान, स्वच्छता का लिया संकल्प

सिंगरौली। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत “स्वच्छ सार्वजनिक स्थल” थीम पर बिरसा मुंडा चौपाटी में विशेष स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त रखने के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना विकसित करना रहा।
अभियान के दौरान चौपाटी परिसर में साफ-सफाई और कचरा संग्रहण किया गया। जनप्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों, आईईसी टीम, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष उपस्थित लोगों ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। लोगों ने कहा कि न स्वयं गंदगी करेंगे और न दूसरों को गंदगी करने देंगे।
इस दौरान नागरिकों से घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को खुले में नहीं फेंकने तथा नगर निगम के कचरा वाहनों में अलग-अलग कचरा देने की अपील की गई। सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का भी संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री एवं वार्ड क्रमांक 40 की पार्षद सीमा जायसवाल, स्वास्थ्य अधिकारी बालगोविंद चतुर्वेदी, आईईसी मैनेजर, आईईसी प्रोजेक्ट हेड, सीटाडेल प्रोजेक्ट हेड एवं उनकी टीम, नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और नागरिक मौजूद रहे।
पार्षद सीमा जायसवाल ने कहा कि सफाई करना नगर निगम कर्मचारियों का काम है, लेकिन स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने और नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से जुड़ी जन-जागरूकता की मुहिम आगे भी जारी रहेगी।












