बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 ट्रक चालक पकड़े

67 वाहनों की जांच, 6 पर 66 हजार रुपये जुर्माना; सभी के लाइसेंस निलंबन की होगी कार्रवाई

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन के लिए यातायात पुलिस ने 21-22 सितंबर की मध्यरात्रि शहर के अलग-अलग स्थानों पर औचक जांच अभियान चलाया। निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा और पुराने ट्रैफिक तिराहे पर करीब 67 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले सात ट्रक चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त कर न्यायालय में पेश किए गए।

न्यायालय में पेश किए गए सात प्रकरणों में से छह मामलों में कुल 66 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। एक ट्रक चालक के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के कारण उसका प्रकरण लंबित है।

यातायात पुलिस के अनुसार शराब या किसी अन्य मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने से चालक का वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। पुलिस ने जांच के दौरान वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी।

पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। न्यायालय के आदेश के अनुसार कार्रवाई की जद में आए छह वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस छह माह के लिए निलंबित कराने के प्रस्ताव संबंधित जिला परिवहन कार्यालय को भेजे जाएंगे। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button