बरगवां पुलिस को मिली बड़ी सफलता: 2 साल से फरार चोरी का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

सिंगरौली।जिले की बरगवां थाना पुलिस ने चोरी के एक पुराने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 2 वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर की गई।
बरगवां पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह मामला सितंबर 2024 का है। ग्राम परसोहर (थाना बरगवां) के रहने वाले 59 वर्षीय फरियादी बलराम सिंह बैस ने 7 सितंबर 2024 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 6 सितंबर 2024 की रात करीब 10:00 बजे वे खाना खाकर सो गए थे और अपनी पैंट, जिसमें पैसे रखे थे, उसे सिरहाने टांग दिया था। रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोर घर में घुसे और चोरी कर ले गए। इस शिकायत पर बरगवां पुलिस ने अपराध क्रमांक 744/2024 के तहत धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस (BNS) का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन, तीसरा आरोपी रंगदेव सिंह गोंड (पिता झुरई सिंह गोंड, उम्र 49 वर्ष, निवासी मझिगवां, थाना बरगवां) घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था।
सिंगरौली पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा और एसडीओपी (सिंगरौली) श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल ने फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया। इसी बीच मुखबिर से आरोपी के बारे में सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर 2 साल से फरार आरोपी रंगदेव सिंह गोंड को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया है।
फरार आरोपी को पकड़ने की इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, प्रधान आरक्षक मनोज गौतम, आलोक चतुर्वेदी, आरक्षक (636) अरविन्द यादव और आरक्षक (655) महेश पटेल की सराहनीय भूमिका रही।












