रजमिलान बाजार से 25 सितंबर को हटेगा अतिक्रमण
राजस्व दल गठित, पुलिस बल के साथ एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड भी रहेगी मौजूद
सिंगरौली । माड़ा तहसील के ग्राम रजमिलान स्थित बाजार की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तय की है। तहसीलदार न्यायालय के आदेश पर 25 सितंबर 2026 को राजस्व दल मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाएगा। इसके बाद अतिक्रमण मुक्त भूमि का प्रतिवेदन तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्रवाई के लिए अमिलिया के प्रभारी राजस्व निरीक्षक राजेश साहु को दल का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ पटवारी सुलोचना सिंह, रामरेखा राठिया, संदीप अग्रहरी, रमेश दुबे और प्रदीप गुप्ता को शामिल किया गया है। संबंधित भूमि बाजार की आराजी क्रमांक 1385 है। इससे पहले भी 17 सितंबर को बेदखली के आदेश जारी किए गए थे।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी माड़ा को पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को मौके पर एंबुलेंस तथा महान एनर्जन पावर लिमिटेड, बंधौरा को फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई की सूचना कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी दी गई है।












