सीएम हेल्पलाइन निराकरण में सिंगरौली पुलिस प्रदेश में तीसरे स्थान पर
87.67 वेटेज स्कोर के साथ मिला ‘ए’ ग्रेड, 969 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण

सिंगरौली। सीएम हेल्पलाइन 181 की शिकायतों के निराकरण में सिंगरौली पुलिस ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए प्रथम समूह में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। 21 सितंबर को जारी जिलेवार ग्रेडिंग में जिले को 87.67 वेटेज स्कोर के साथ ‘ए’ ग्रेड मिला है।
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत, पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमन्त चौहान के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के मार्गदर्शन में शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग की गई। पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनकी समस्याओं का परीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई कर शिकायतों का निराकरण कराया।
अगस्त 2026 में पुलिस से संबंधित 1116 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 969 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया। चौकी गोरबी और नौडिहवा ने 100 प्रतिशत वेटेज स्कोर हासिल किया। थाना गढ़वा ने 98.89 प्रतिशत, जबकि थाना मोरवा, चौकी तिनगुड़ी और बरका ने 90 प्रतिशत से अधिक स्कोर प्राप्त किया। अन्य थाना-चौकी क्षेत्रों ने भी 80 प्रतिशत से अधिक वेटेज स्कोर हासिल किया।
उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों, साइबर सेल और शिकायत शाखा की टीम को बधाई दी। बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों के उत्साहवर्धन के लिए नगद राशि देकर पुरस्कृत भी किया गया।












