बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

25 सितम्बर को मंडी परिसर में आयोजित होगा बलराम कृषि महोत्सव किसान संवाद कार्यक्रम

कलेक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा, अनाज मंडी स्थापित करने की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

सिंगरौली, 22 सितम्बर 2026। आगामी 25 सितम्बर को कृषि मंडी परिसर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित होने वाले बलराम कृषि महोत्सव किसान संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने मंडी परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंडी परिसर में अनाज मंडी स्थापित किए जाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को मंडी प्रबंधन एवं व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित कर अनाज मंडी स्थापित किए जाने से संबंधित आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इस संबंध में सभी आवश्यक प्रक्रियाएं संबंधित विभागों एवं मंडी प्रबंधन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए समय-सीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि किसानों को अपनी उपज के विक्रय के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध हो सके।

कलेक्टर ने मंडी परिसर की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देते हुए नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर को सिटाडेल के माध्यम से मंडी परिसर की समुचित साफ-सफाई कराकर परिसर को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग के उप संचालक को किसान संवाद कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के अधिक से अधिक किसानों को कार्यक्रम में आमंत्रित कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने किसान संवाद कार्यक्रम में शामिल होने वाले किसानों के लिए आवश्यक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

Author

Related Articles

Back to top button