जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत ने सुनीं 267 आवेदकों की समस्याएं
प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के अधिकारियों को दिए निर्देश

सिंगरौली, 22 सितम्बर 2026/ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संघप्रिय ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 267 आवेदन प्राप्त हुए। सीईओ जिला पंचायत ने आवेदकों से उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीईओ जिला पंचायत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल प्रकरण का निराकरण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित आवेदक को वास्तविक राहत मिले। उन्होंने अधिकारियों को प्रकरणों में की गई कार्रवाई की जानकारी आवेदकों को समय पर उपलब्ध कराने तथा आवश्यकतानुसार कार्रवाई प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण लोकहितकारी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखते हैं। इसलिए प्रत्येक आवेदन को प्राथमिकता से लेते हुए पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों के निराकरण की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर श्री अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम श्री सुरेश जाधव, डिप्टी कलेक्टर श्री सौरभ मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।













