बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

गणेश विसर्जन से पूर्व एवं पश्चात जल गुणवत्ता की होगी वैज्ञानिक निगरानी

कलेक्टर के निर्देश पर प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने विसर्जन स्थलों से जल नमूने किए एकत्रित

सिंगरौली, 22 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देशानुसार गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान जल स्रोतों की गुणवत्ता एवं पर्यावरण संरक्षण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदूषण नियंत्रण विभाग द्वारा जिले के निर्धारित गणेश विसर्जन स्थलों से विसर्जन पूर्व जल के नमूने एकत्रित किए गए हैं। इन नमूनों के माध्यम से विसर्जन से पहले जल की गुणवत्ता की आधारभूत स्थिति का वैज्ञानिक रूप से परीक्षण किया जाएगा। विसर्जन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात इन्हीं विसर्जन स्थलों से पुनः जल के नमूने एकत्रित किए जाएंगे। विसर्जन पूर्व एवं विसर्जन पश्चात प्राप्त नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कर दोनों की गुणवत्ता का तुलनात्मक आकलन किया जाएगा। इससे विसर्जन गतिविधि के कारण जल की गुणवत्ता में हुए संभावित परिवर्तन की वैज्ञानिक जानकारी प्राप्त हो सकेगी तथा आवश्यकतानुसार पर्यावरण संरक्षण से संबंधित आगामी व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने गणेश उत्सव के दौरान धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों के माध्यम से निर्धारित विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा सके। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित स्थलों पर ही करें तथा पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें। प्रशासन का उद्देश्य जनभागीदारी के साथ धार्मिक परंपराओं के निर्वहन और जल स्रोतों के संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करना है।

Author

Related Articles

Back to top button