बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की विशेष प्रवर्तन कार्रवाई

जिले में विशेष अभियान के तहत 17 प्रकरण दर्ज, 165 लीटर हाथभट्ठी मदिरा सहित 41 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त

सिंगरौली, 22 सितम्बर 2026/ सागर जिले में जहरीली शराब के सेवन से हुई घटना को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देशन में सिंगरौली जिले में अवैध शराब के संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी श्री प्रणय कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न वृत्तों में लगातार सघन जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग द्वारा वृत्त सरई, बैढ़न, मोरबा एवं देवसर के अंतर्गत ग्राम खानुआखास, गजराबहरा, कसर, बगडीह, तेलदाह, अमलोरी, दगा, नौगढ़, हरैया, हीरवाह, जियावन गोलाई बस्ती एवं माड़ा में अवैध शराब के संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 165 लीटर हाथभट्ठी मदिरा, 12.62 बल्क लीटर देशी मदिरा तथा 115 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर जब्त किया गया।

आबकारी विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत कुल 17 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। जब्त की गई सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 41 हजार 500 रुपये है।अभियान के दौरान वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक सुश्री नीलिमा मार्को, आबकारी मुख्य आरक्षक श्री बहादुर सिंह, आरक्षक श्री धीरू सिंह, श्री अनुज, श्री भुंजिया, सुश्री संध्या मेहरा, श्री अमर सिंह, श्री आलोक सिंह, श्री रामनरेश साहू एवं नगर सैनिक श्री प्रकाश मिश्रा की सक्रिय भूमिका रही। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।

Author

Related Articles

Back to top button