बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

माजन रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने से सनसनी

शरीर से अलग मिला एक पैर, मौके पर पहुंची पुलिस और सीआईएसएफ; मौत की वजह जांच में

सिंगरौली। कोतवाली थाना क्षेत्र के माजन स्थित गायत्री मंदिर के पास रेलवे ट्रैक पर बुधवार को करीब 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जरहा निवासी सनी उर्फ मोहित सिंह परिहार के रूप में हुई है। रेलवे ट्रैक पर शव के साथ एक पैर शरीर से अलग मिला है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव और अलग मिले पैर को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया।

बताया गया है कि मोहित सिंह परिहार अपनी मां और भाई के साथ रहता था। उसके पिता उपेंद्र सिंह का पूर्व में निधन हो चुका है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में भी शोक का माहौल है।

युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत दुर्घटना के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Author

Related Articles

Back to top button