ओखरावल म्यार नदी से अवैध रेत से लदा ट्रैक्टर जब्त
पुलिस को देखकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार, वाहन और रेत की कीमत करीब 3.06 लाख रुपये

सिंगरौली/माड़ा। अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ माड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ओखरावल म्यार नदी से अवैध रेत लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। पुलिस को देखकर चालक ट्रैक्टर सड़क पर छोड़कर रात के अंधेरे में फरार हो गया। पुलिस ने वाहन और उसमें लदी रेत की कुल कीमत करीब 3 लाख 6 हजार रुपये आंकी है।
पुलिस के अनुसार 23 सितंबर की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओखरावल म्यार नदी से एक ट्रैक्टर चालक अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर ग्राम खम्हरिया की ओर ले जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा के निर्देश पर पुलिस टीम स्वतंत्र गवाह के साथ खम्हरिया की ओर रवाना हुई।
पुलिस टीम जब ग्राम खम्हरिया के विश्वकर्मा तिराहा के पास पहुंची तो सामने से बिना नंबर प्लेट का नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही चालक ने ट्रैक्टर सड़क पर खड़ा कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया।
पुलिस ने वाहन की जांच की तो सोनालिका डीआई 734 ट्रैक्टर की ट्रॉली में रेत लदी मिली। पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर का चेचिस नंबर अपठनीय था, जबकि इंजन नंबर 3100DL83E737071FE दर्ज है। रात करीब 1:20 बजे पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसमें लदी रेत को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया।
मामले में माड़ा पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 655/2026 दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5) तथा खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4 और 21 के तहत कार्रवाई की गई है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा, प्रधान आरक्षक रामसुख यादव, प्रधान आरक्षक संजीत रावत, आरक्षक आबिद कुरैशी, आरक्षक आकाश सिंह और आरक्षक मनोज रावत की भूमिका रही।












