देवरा में 26 सितंबर को लगेगा जन विश्वास शिविर
17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को मिलेगा योजनाओं और शासकीय सेवाओं का लाभ

सिंगरौली, 22 सितंबर। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर जनपद पंचायत चितरंगी के देवरा क्षेत्र में 26 सितंबर को जन विश्वास शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। शिविर की व्यवस्थाओं के लिए एसडीएम चितरंगी देवेंद्र कुमार द्विवेदी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शिविर में देवरा क्लस्टर की 17 ग्राम पंचायतों अगरहवा, देवरा, देवरी-2, डिघवार, घोघरा, कुल्हुइया, कुसाही, लमसरई, महुगड़ी कोठार, मौहरिया, मिसिरगवां, नौगई, पोंडी-1, रमडिहा, शिवपुरवा, ठटरा एवं गेरुईक के ग्रामीण शामिल होंगे। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शिविर में मौजूद रहकर ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त करेंगे तथा पात्रता के अनुसार प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण करेंगे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविर के साथ संबंधित क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, विद्यालयों, छात्रावासों और शासकीय उचित मूल्य दुकानों का भी निरीक्षण किया जाए। अधिकारी इन संस्थानों की व्यवस्थाओं और उपलब्ध सेवाओं का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा नियमानुसार उनके त्वरित निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।प्रशासन ने ग्रामीणों और पात्र हितग्राहियों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की योजनाओं और शासकीय सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।












