सहायक जेल अधीक्षक एवं जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा का द्वितीय चरण 7 अक्टूबर से भोपाल में
सफल अभ्यर्थी शारीरिक नापजोख, प्रवीणता परीक्षण एवं दस्तावेज सत्यापन के लिए निर्धारित तिथि पर आवश्यक प्रपत्रों के साथ हों उपस्थित
सिंगरौली, । मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मण्डल, भोपाल द्वारा आयोजित सहायक जेल अधीक्षक एवं जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा-2026 के लिखित परीक्षा परिणाम के उपरांत द्वितीय चरण की प्रक्रिया 7 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2026 तक भोपाल में आयोजित की जाएगी। द्वितीय चरण में लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का शारीरिक नापजोख, प्रवीणता परीक्षण एवं दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। जेल अधीक्षक श्री एल.के. त्रिपाठी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार द्वितीय चरण की प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी के सामने, नाथू बरखेड़ा रोड, नीलबड़, भोपाल में संपन्न होगी। लिखित परीक्षा 4 जून से 20 जून 2026 तक आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 14 अगस्त 2026 को घोषित किया गया।
भर्ती प्रक्रिया के प्रथम चरण में सहायक जेल अधीक्षक के 25 पदों के लिए 256 अभ्यर्थी तथा जेल प्रहरी के 757 पदों के लिए 8,217 अभ्यर्थी पात्र पाए गए हैं। इन सफल अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण की प्रक्रिया में शामिल होना है। जेल अधीक्षक श्री एल.के. त्रिपाठी ने बताया कि द्वितीय चरण की प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक प्रपत्र मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मण्डल की आधिकारिक वेबसाइट www.esb.mp.gov.in तथा जेल विभाग की वेबसाइट jail.mp.gov.in पर उपलब्ध हैं। सभी सफल अभ्यर्थी वेबसाइट से संबंधित प्रपत्र डाउनलोड कर निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों एवं जानकारी के साथ आयोजन स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करें।












