बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

शिक्षकों-कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए अब लगेंगे कर्मचारी कल्याण कैंप

सिंगरौली। स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के निराकरण के लिए अब जिला और राज्य स्तर पर कर्मचारी कल्याण कैंप लगाए जाएंगे। लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने सभी संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। कैंप का पहला चरण 26 सितंबर से शुरू होगा।

कर्मचारी कल्याण कैंप में शिक्षकों और कर्मचारियों से जुड़े वेतन, पेंशन, अवकाश, विभागीय जांच, मेडिकल बिल, पदोन्नति सहित विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई कर उनका निराकरण किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य लंबित मामलों को अभियान चलाकर जल्द से जल्द निपटाना है।

निर्देश के अनुसार जिला स्तर पर शनिवार, रविवार और सोमवार को तीन दिन कर्मचारी कल्याण कैंप लगाए जाएंगे। वहीं राज्य स्तर पर मंगलवार को कैंप आयोजित होगा। इस तरह सप्ताह में चार दिन अलग-अलग स्तर पर कर्मचारियों की समस्याएं सुनी जाएंगी और संबंधित प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई की जाएगी।

जिला स्तरीय कैंप में संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारी अपने स्तर से कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण करेंगे। वहीं राज्य स्तरीय कैंप में लोक शिक्षण संचालनालय से संबंधित प्रकरणों को लिया जाएगा।

विभाग से जुड़े करीब 20 हजार प्रकरण लंबित होने की बात सामने आई है। ऐसे में कर्मचारी कल्याण कैंप के माध्यम से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने की तैयारी है। इससे शिक्षकों और कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

Author

Related Articles

Back to top button