उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को बताए सड़क सुरक्षा के नियम

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं और स्कूल स्टाफ को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी यातायात ने विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी यातायात ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों, मित्रों और आसपास के लोगों को भी हेलमेट तथा सीट बेल्ट के उपयोग के प्रति जागरूक करने की अपील की।
यातायात जागरूकता से संबंधित पोस्टर और बैनर तैयार कर शहर के विभिन्न चौराहों पर भी लगाए गए हैं। पुलिस द्वारा पिलियन राइडर सहित दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों व सवारियों द्वारा सीट बेल्ट के उपयोग की जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।













