म्यांमार के रखाइन में बाजार के पास हवाई हमला, 49 लोगों की मौत, 58 घायल

बैंकॉक। म्यांमार के पश्चिमी रखाइन राज्य में सोमवार को एक बाजार के पास हुए हवाई हमले में कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई, जबकि 58 अन्य घायल बताए गए हैं। यह हमला ऐसे इलाके में हुआ, जो शक्तिशाली जातीय सशस्त्र संगठन अराकान आर्मी के नियंत्रण में है। संगठन और स्थानीय बचाव अधिकारियों ने हमले में हताहतों की जानकारी दी है।
अराकान आर्मी के अनुसार, एक लड़ाकू विमान ने दोपहर के समय स्थानीय बाजार के पास दो बम गिराए। हमले में दुकानदारों, खरीदारों और राहगीरों की मौत हुई। संगठन ने बताया कि घायलों में 22 की हालत गंभीर है। हालांकि, स्वतंत्र रूप से हमले और हताहतों की संख्या की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी।
रखाइन के वरिष्ठ बचाव अधिकारी वाई हुन आंग ने भी मृतकों की संख्या की पुष्टि की। उनके अनुसार, यह बाजार क्षेत्र का प्रमुख थोक केंद्र था, जहां राज्य के अलग-अलग हिस्सों से व्यापारी और खरीदार पहुंचते थे। उन्होंने इसे रखाइन में हुए गंभीर हवाई हमलों में से एक बताया।
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में कुछ इमारतों में आग, क्षतिग्रस्त वाहन और पास के पुल के हिस्से को नुकसान पहुंचा दिखाई दिया। म्यांमार की सेना की ओर से हमले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। सेना पहले कहती रही है कि उसके हवाई हमले सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए जाते हैं और उसने प्रतिरोधी समूहों पर आतंकवाद में शामिल होने के आरोप लगाए हैं।
म्यांमार में फरवरी 2021 में सैन्य तख्तापलट के बाद से संघर्ष जारी है। लोकतंत्र समर्थक बलों और जातीय सशस्त्र संगठनों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के बीच देश के कई हिस्सों में हिंसा बढ़ी है। अराकान आर्मी ने नवंबर 2023 से रखाइन में अपना प्रभाव तेजी से बढ़ाया है और राज्य के कई टाउनशिप पर नियंत्रण स्थापित किया है। संघर्ष के कारण व्यापारिक मार्गों पर प्रतिबंधों से खाद्य संकट भी बढ़ने की खबरें हैं।













