मालवाहक पिकअप से यात्री परिवहन पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, चार वाहन जब्त
ऑपरेशन जनजागरूकता के तहत सुलियरी माइंस-अडानी-गजरा बहरा मार्ग पर चला विशेष जांच अभियान, 3.75 लाख रुपये राजस्व वसूला

सिंगरौली। जिला कलेक्टर गौरव बेनल के निर्देश एवं जिला परिवहन अधिकारी के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग द्वारा जिले में मालवाहक और यात्री वाहनों के विरुद्ध सघन जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। ऑपरेशन जनजागरूकता के तहत सुलियरी माइंस-अडानी-गजरा बहरा मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मालवाहक पिकअप वाहनों का नियम विरुद्ध और असुरक्षित तरीके से यात्री परिवहन में उपयोग किए जाने पर चार पिकअप वाहन जब्त किए गए। जब्त वाहनों को नियमानुसार कार्रवाई के लिए मोरवा थाना परिसर में सुरक्षित रखवाया गया है।

जांच के दौरान विभिन्न परिवहन नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई करते हुए विभाग ने 3 लाख 75 हजार 500 रुपये का राजस्व वसूल किया। वाहन क्रमांक CG15ED8055 में परमिट संबंधी अनियमितता पाए जाने पर उसे ई-डिटेन किया गया और ऑनलाइन शासकीय रसीद जारी की गई।
अभियान के दौरान खुले में मिट्टी, गिट्टी, कोयला और फ्लाई ऐश का परिवहन करने वाले वाहनों की भी जांच की गई। इसके अलावा क्षतिग्रस्त बॉडी, खराब टायर, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों के वाहन संचालन तथा बिना बिल्टी और रॉयल्टी के अनियमित परिवहन करने वाले वाहनों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने कहा है कि मालवाहक वाहन का निर्धारित प्रयोजन के विपरीत यात्री परिवहन में उपयोग सड़क सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर अनियमितता है। ऐसे मामलों में वाहन संचालकों के विरुद्ध प्रचलित नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुरक्षा के लिए लगाए जा रहे रेडियम रिफ्लेक्टर
RTO चेक प्वाइंट सिंगरौली द्वारा मालवाहक एवं यात्री वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। साथ ही समाजसेवियों के सहयोग से सड़क किनारे मौजूद आवारा पशुओं पर भी रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि रात और कम दृश्यता की स्थिति में वाहन चालकों को पशु आसानी से दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं की रोकथाम में मदद मिल सके।
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों और चालकों से परमिट, फिटनेस, पंजीयन, ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखने तथा वाहनों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुसार करने की अपील की है। निर्धारित क्षमता से अधिक या अनधिकृत रूप से यात्रियों को बैठाने और नशे की स्थिति में वाहन चलाने से बचने की भी हिदायत दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन जनजागरूकता और जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।













