नाइट कॉम्बिंग गश्त में 292 बदमाशों और आरोपियों पर कार्रवाई
24 स्थाई वारंटी गिरफ्तार, 103 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा; निगरानी और गुंडा बदमाशों की भी जांच

सिंगरौली। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सिंगरौली पुलिस ने बीती रात जिलेभर में औचक नाइट कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के दौरान कुल 292 बदमाशों और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार अभियान के लिए जिले के सभी अनुभागीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में थाना और चौकी स्तर पर अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत और पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने रातभर विभिन्न क्षेत्रों में सघन गश्त और जांच की।
अभियान के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे 24 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 103 गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़ा गया, जिन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस टीमों ने 79 निगरानी बदमाशों और 86 गुंडा बदमाशों की भी जांच की।

नाइट कॉम्बिंग के दौरान थाना, चौकी और पुलिस लाइन के बल के साथ तकनीकी शाखा का सहयोग लिया गया। संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और हाईवे पर विशेष निगरानी रखी गई। विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। देर रात अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध युवकों से पूछताछ कर उन्हें आवश्यक समझाइश दी गई।
इसके साथ ही बैंकों और एटीएम परिसरों का औचक निरीक्षण किया गया। यात्रियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर मौजूदगी दर्ज कराई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य रात्रिकालीन कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ करना तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। पुलिस ने संकेत दिया है कि जिले में इस तरह की रात्रिकालीन गश्त और जांच कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।













