बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

निगाही में मधुकान कंपनी प्रबंधन और मजदूरों के बीच विवाद का हुआ समझौता

कई दिनों से चल रही थी तनातनी, थाने तक पहुंचा था मामला; बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने वापस ली शिकायत

सिंगरौली। एनसीएल निगाही परियोजना में कार्य कर रही मधुकान कंपनी के मजदूरों और प्रबंधन के बीच पिछले कई दिनों से चल रहा विवाद आखिरकार आपसी बातचीत के बाद समझौते में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद मामला शांत हो गया है और मजदूरों ने थाने में दी गई शिकायत भी वापस ले ली है।


कंपनी प्रबंधन के अनुसार, कुछ मजदूर कार्य के दौरान सोते हुए पाए गए थे। इसको लेकर प्रबंधन की ओर से संबंधित मजदूरों को नोटिस जारी किया गया था। प्रबंधन का आरोप है कि नोटिस की कार्रवाई से नाराज कुछ मजदूरों ने रॉड और सरिया लेकर कंपनी के कर्मचारियों के साथ विवाद की स्थिति पैदा की थी। इसके बाद करीब आधा दर्जन मजदूरों को कुछ दिनों के लिए काम से अलग कर दिया गया था।

इस कार्रवाई के बाद मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नवानगर थाने में शिकायत की थी। मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत का दौर शुरू हुआ। बातचीत के दौरान कंपनी प्रबंधन ने मजदूरों को दोबारा काम पर रखने पर सहमति जताई। साथ ही प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में कार्य के दौरान अनुशासनहीनता अथवा ड्यूटी के समय सोने जैसी लापरवाही दोबारा स्वीकार नहीं की जाएगी।

समझौते के बाद मजदूरों ने थाने में दी गई अपनी शिकायत वापस ले ली। मजदूरों की ओर से कहा गया कि कुछ लोगों से भूलवश शिकायत की स्थिति बनी थी और अब दोनों पक्षों के बीच किसी तरह का मनमुटाव नहीं है। मजदूरों ने आगे ऐसी कोई गलती नहीं करने की बात कही, जिससे दोबारा विवाद की स्थिति उत्पन्न हो।दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद फिलहाल विवाद समाप्त हो गया है और कार्यस्थल पर सामान्य स्थिति बहाल होने की बात कही गई है।

Author

Related Articles

Back to top button