बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

17 लाख फॉलोअर्स वाली निधि तिवारी की आत्महत्या मामले में पुलिस जांच तेज

मोरवा पुलिस खंगाल रही मोबाइल की सीडीआर और डिजिटल साक्ष्य

धनबाद निवासी रणदीप सिंह मथारू पर लग रहा मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप

सिंगरौली- बिग बॉस में बतौर प्रतिभागी शामिल होने का सपना रखने वाली सिंगरौली की चर्चित सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर निधि तिवारी की आत्महत्या के मामले में मोरवा पुलिस की जांच जारी है। शनिवार शाम भूसा मोड़ स्थित आवास में निधि ने आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद से ही उनके प्रशंसकों और परिचितों में मायूसी का माहौल है।निधि अपने डांस वीडियो के चलते सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके करीब 17 लाख फॉलोअर्स थे। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त किया।

मोबाइल की सीडीआर से खुल सकते हैं कई राज
घटना के बाद मोरवा पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल में जुटी है। पुलिस द्वारा निधि के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकलवाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में थीं और आखिरी समय में किन-किन लोगों से बातचीत हुई थी। इसके साथ ही मोबाइल फोन को लैब भेजकर डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कराई जा रही है।

मां ने सोनू सिंह पर लगाया आरोप
निधि की मां ने उनकी मौत के लिए सोनू सिंह नामक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया है। बताया जा रहा है कि सोनू सिंह का पूरा नाम रणदीप सिंह माथारू है। पुलिस इस आरोप को भी जांच का हिस्सा बनाकर मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटा रही है।

जानकारी के मुताबिक रणदीप मूलतः पंजाब का रहने वाला है और वर्तमान में धनबाद में रहता था। बताया जा रहा है कि वह एनसीएल में संचालित बड़ी मशीनों के रखरखाव से जुड़े कार्य में डीडीपी एन के के अभियंता के तौर पर रूस की कंपनी IZ-Kartex से जुड़े लोगों के साथ काम करता था और इसी सिलसिले में सिंगरौली आता-जाता था।
फिलहाल पुलिस मामले में सामने आए आरोपों के साथ-साथ निधि के मोबाइल, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। निधि की आत्महत्या की वास्तविक वजह क्या थी और घटना से पहले उनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Author

Related Articles

Back to top button