दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में इमरजेंसी सिग्नल से मचा हड़कंप, सऊदी अरब में उतारा गया विमान

नई दिल्ली। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में बुधवार सुबह इमरजेंसी सिग्नल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। रिपोर्ट के मुताबिक विमान से 7700 स्क्वॉक कोड एक्टिवेट किया गया, जिसका इस्तेमाल सामान्यतः गंभीर आपात स्थिति में किया जाता है। कुछ रिपोर्टों में विमान से संभावित हाईजैकिंग से जुड़ा संकेत मिलने की बात भी कही गई, हालांकि इजराइली अधिकारियों ने इसे हाइजैकिंग की घटना नहीं बताया है।
विमान में करीब 180 यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें 100 से अधिक इजराइली नागरिक शामिल हैं। स्थिति को देखते हुए इजराइली वायुसेना के लड़ाकू विमानों को भी अलर्ट किया गया। विमान को सऊदी अरब की ओर डायवर्ट किया गया और वहां लैंड कराया गया।
अधिकारियों के मुताबिक विमान के उतरने के बाद उसकी सुरक्षा जांच की जाएगी। कार्गो होल्ड की तलाशी के साथ चालक दल के सदस्यों से भी पूछताछ की जाएगी, ताकि इमरजेंसी सिग्नल सक्रिय होने के कारणों का पता लगाया जा सके। विमान के पायलट और क्रू के बीच संचार को लेकर भी अलग-अलग रिपोर्ट सामने आई हैं।
घटना के बाद इजराइल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। इस बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रक्षा अधिकारियों के साथ सुरक्षा बैठक बुलाई। बैठक में विमान से जुड़ी स्थिति और संभावित सुरक्षा पहलुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों के अनुसार घटना के वास्तविक कारणों की स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।













