अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक की भीषण भिड़ंत, पांच की मौत

आणंद। गुजरात के आणंद जिले में बुधवार सुबह अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक निजी बस आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
आणंद के पुलिस अधीक्षक जीजी जसानी के अनुसार दुर्घटना के समय बस में करीब 30 से 40 यात्री सवार थे। हादसे में पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। हादसे के कारण कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।













