बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दें : मुख्यमंत्री

 

सिंगरौली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को उच्च प्राथमिकता देते हुए सभी गतिविधियों का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के तहत अब तक सभी जिलों में अच्छा कार्य हुआ है। आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ गतिविधियों की जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 3 अक्टूबर को ग्रामीण क्षेत्रों तथा 4 अक्टूबर को शहरी क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को शिविरों के लिए पात्र हितग्राहियों का चयन पहले से करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निराकरण करने और उसकी जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराने को भी कहा गया।

उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी, जिसका समापन जिला मुख्यालय पर होगा। समापन स्थल पर सभा आयोजित करने तथा सेवा ज्योति को जिला मुख्यालय के किसी प्रमुख स्थान पर स्थापित करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। यात्रा में योजनाओं के हितग्राहियों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। इस दौरान विकसित भारत की शपथ भी दिलाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों के फोटो, वीडियो और रील्स उच्च गुणवत्ता के साथ तैयार कर पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत सामने आने वाली सेवा की कहानियों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी परिणामों को बेहतर तरीके से सामने लाया जा सके।

नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ जागरूकता पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नशे के विरुद्ध प्रत्येक जिले में प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ नशामुक्त भारत अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि जो युवा भूलवश नशे की गिरफ्त में आ गए हैं, उनके नशामुक्ति केंद्रों के माध्यम से पुनर्वास के प्रयास किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से बैठक आयोजित करने और बैठक की कार्रवाई का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे का आदतन कारोबार करने वाले अपराधियों की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई करने तथा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नशीले पदार्थों के विरुद्ध निगरानी बढ़ाने को कहा।

सुगम बस सेवा की तैयारियों की समीक्षा
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा के संबंध में जिलों में की जा रही तैयारियों की भी जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुगम बस सेवा के लिए सभी जिलों में बस डिपो और बस टर्मिनल की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि यह सेवा बस आपरेटरों के सहयोग से संचालित की जाएगी। बसों में आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे, जिससे उनकी निगरानी की जा सकेगी। आम नागरिकों को भी ऐप के माध्यम से बसों से संबंधित जानकारी उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला परिवहन सलाहकार समिति का गठन किया गया है। समिति की नियमित बैठक आयोजित कर स्थानीय बस आपरेटरों और यात्रियों का सहयोग लिया जाए। सुगम बस सेवा से संबंधित पोर्टल भी तैयार किया जा रहा है, जिसके माध्यम से बस संचालन से जुड़ी विभिन्न जानकारियों की निगरानी और जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।कलेक्ट्रेट स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र से कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय, अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान सहित अन्य अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग में शामिल हुए।

Author

Related Articles

Back to top button