निर्माणाधीन नहर में डूबने से किशोरी की मौत, दो गंभीर

सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव में निर्माणाधीन कनहर नहर में डूबने से एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि दो किशोरियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीनों घर के पास नहर में कपड़ा धोने और नहाने के लिए गई थीं। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय खुशबू पुत्री विजय पनिका, 14 वर्षीय राधा पुत्री अशोक भारती और 10 वर्षीय आरती पुत्री सुरेश पनिका नहर में गई थीं। इसी दौरान तीनों अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। शोर सुनकर आसपास मौजूद चरवाहे मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से तीनों को काफी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाला गया।
बताया गया कि तब तक 18 वर्षीय खुशबू की मौत हो चुकी थी। वहीं राधा और आरती की हालत गंभीर होने पर दोनों को उपचार के लिए दुद्धी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। ग्राम प्रधान विमल यादव की सूचना पर विंढमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।











