मध्यान्ह भोजन खाने के बाद 48 बच्चे बीमार, पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती
कोडरमा के स्कूल में चावल, दाल और आलू-सोयाबीन की सब्जी खाने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत, फूड पॉइजनिंग की आशंका

कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड में बुधवार को मध्यान्ह भोजन खाने के बाद 48 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों ने तेज पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है।
यह घटना जामु के हरिजन टोला स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय की है। बुधवार को विद्यालय में कुल 62 बच्चे उपस्थित थे। बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन में चावल, दाल और आलू-सोयाबीन की सब्जी तैयार की गई थी। भोजन करने के कुछ ही समय बाद कई बच्चों को अचानक पेट दर्द होने लगा।
दर्द से परेशान हुए बच्चे
विद्यालय के शिक्षकों के अनुसार भोजन करने के कुछ मिनट बाद ही बच्चों ने पेट में तेज दर्द की शिकायत शुरू कर दी। देखते ही देखते कई बच्चे दर्द से परेशान होकर जमीन पर लेट गए। बच्चों की हालत देखकर विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
इसके बाद सभी प्रभावित बच्चों को अलग-अलग वाहनों से आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने सभी बच्चों को भर्ती कर उपचार शुरू किया।
करीब एक घंटे के उपचार के बाद हालत सामान्य
अस्पताल में करीब एक घंटे तक उपचार के बाद फिलहाल बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चों में दिखाई दिए लक्षणों के आधार पर फूड पॉइजनिंग की आशंका है। हालांकि बीमारी के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधीक्षक, अंचल अधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और भर्ती बच्चों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेते हुए बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार की भी जानकारी ली।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। मध्यान्ह भोजन में इस्तेमाल खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया की जांच के बाद ही बच्चों के बीमार पड़ने के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।












