इजराइल जा रही फ्लाइट में पायलट पर चाकू से हमला, 17 हजार फीट नीचे आया विमान
को-पायलट पर विमान का नियंत्रण लेने और उसे नीचे ले जाने की कोशिश का आरोप, यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर रोका; ताबुक में कराई गई आपात लैंडिंग

रियाद। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉकपिट में मौजूद एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। घटना के दौरान विमान तेजी से नीचे आया। दूसरे पायलट और यात्रियों ने कथित तौर पर हमलावर को काबू किया, जिसके बाद विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया।
रिपोर्टों के अनुसार विमान में करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में इजराइली नागरिक शामिल थे। घटना के बाद इजराइल ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए लड़ाकू विमान भी रवाना किए।
दो मिनट में 34 हजार से 16,600 फीट पर आया विमान
घटना के दौरान विमान से पहले 7700 आपातकालीन संकेत भेजा गया। इसके कुछ ही समय बाद 7500 कोड प्रसारित हुआ, जिसका इस्तेमाल विमान अपहरण की स्थिति में किया जाता है। फ्लाइट ट्रैकिंग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार विमान करीब दो मिनट में लगभग 34 हजार फीट की ऊंचाई से घटकर 16,600 फीट तक आ गया।
इसके बाद विमान ने अपना मार्ग बदला और सऊदी अरब के ताबुक की ओर बढ़ गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इजराइली सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और विमान की निगरानी के लिए लड़ाकू विमान भेजे गए।
कॉकपिट में पायलटों के बीच हुआ विवाद
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार कॉकपिट में कैप्टन और को-पायलट के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान चाकू से हमला किए जाने और विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश की गई। विवाद किस वजह से शुरू हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इजराइली मीडिया में यात्रियों के हवाले से दावा किया गया कि विमान को जमीन की ओर मोड़ने की कोशिश की गई थी। विमान के तेजी से नीचे आने के बाद कुछ यात्री कॉकपिट की ओर पहुंचे और कथित हमलावर को रोकने में मदद की।
यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर संभाली स्थिति
एक यात्री के अनुसार, कॉकपिट से चीखने की आवाजें सुनाई दीं। दरवाजा खुलने पर एक पायलट घायल अवस्था में दिखाई दिया और वहां खून बिखरा हुआ था। यात्रियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
रिपोर्टों में यह भी बताया गया कि विमान में अन्य प्रशिक्षित पायलट मौजूद थे। उनमें से एक ने विमान का नियंत्रण संभालने में मदद की। वहीं, विमान में मौजूद एक इजराइली दंत चिकित्सक ने घायल पायलट को प्राथमिक उपचार देने में मदद की।
ताबुक में कराई गई आपात लैंडिंग
हाईजैक का संकेत मिलने के बाद इजराइल ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी। रिपोर्टों के अनुसार प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद विमान का मार्ग बदलकर सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट की ओर किया गया, जहां उसकी आपात लैंडिंग कराई गई।
ताबुक एयरपोर्ट की ओर से बताया गया कि फ्लाइट के कैप्टन और को-पायलट दोनों घायल हुए हैं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संभावित आतंकी हमले के पहलू से भी जांच
इजराइली सुरक्षा एजेंसियां घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं। रिपोर्टों के मुताबिक संभावित आतंकी हमले के कोण से भी जांच की जा रही है। जांच में इजराइली सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के साथ सेना तथा परिवहन से जुड़े अधिकारी शामिल हैं।
दो इजराइली अधिकारियों के हवाले से रिपोर्टों में दावा किया गया है कि कथित हमलावर को-पायलट ओमान का नागरिक था। ओमान और इजराइल के बीच राजनयिक संबंध नहीं हैं। ऐसे में जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वह फ्लाइट के चालक दल में कैसे शामिल हुआ और उसे इजराइल जाने वाली उड़ान संचालित करने की अनुमति किस प्रक्रिया के तहत मिली।
फिलहाल घटना के कारणों और कॉकपिट में हुए विवाद की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।












